
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित अन्नदान- महादान मुहिम के तहत आज शनिवार रेडक्रॉस भवन सेक्टर-12 फरीदाबाद में जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद तथा गोल्डन लॉयनेस क्लब फरीदाबाद सेंट्रल एवं समाज सेविका नीरा गोयल के संयुक्त तत्वावधान में आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक के मरीजो को विशेष पोषाहार वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे विधायक फरीदाबाद श्री नरेन्द्र गुप्ता ने शिरकत की। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन मे कहा कि माननीय प्रधानमंत्री मंत्री जी का सपना है कि वर्ष 2025 तक भारतवर्ष को टी बी मुक्त बनाना है तथा सभी प्रधानमंत्री जी के सपने को सभी समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही पूर्ण किया जा सकता है।
इसलिए इस मुहिम को सार्थक करते हुए फरीदाबाद की स्वयंसेवी संस्थाएं अहम भूमिका निभा रही हैं तथा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित मुहीम को बहुत ही सार्थक बताते हुए तपेदिक के रोगियों से अपील करते हुए कहा कि तपेदिक रोग लाइलाज नहीं है। यदि इसकी पूरी दवाइयों का सेवन पूर्ण रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि तपेदिक के लक्षणों की पहचान करके तत्काल प्रभाव से इलाज बेहद जरूरी है। इस स्थिति में जरूरी यह है कि आप इलाज के साथ अपनी डाइट भी सही करें।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. महेन्द्र गोयल द्वारा सभी तपेदिक रोगियों को विशेष पोषाहार लेने पर बल दिया गया तथा खाने में उन फल और सब्जियों को शामिल करने को कहा जो कि आपको अंदर से सेहतमंद रखें और शरीर में ताकत बढ़ाए।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने बताया कि तपेदिक की बीमारी बहुत ही खतरनाक बीमारी है। इस बीमारी से सफल इलाज यही है कि पौष्टिक आहार लें और समय-समय पर अपनी जांच कराएं। उन्होंने बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह रोग एक खतरनाक संक्रामक रोग है। सही समय पर इसका ईलाज नहीं होने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। इसलिए अपने आप को इस बीमारी की चपेट में आने से बचाने के लिए आपको इसके बारे में पूरी जानकारी होना बहुत जरूरी है। जिससे आप खुद व अपने परिवार को इस जानलेवा रोग की चपेट में आने से बचा सकें।
डॉ. एमपी सिंह ने तपेदिक रोगियों को माननीय प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी उपस्थित तपेदिक रोगियों को शपथ दिलवाई। क्लब की प्रधान संतोष भारद्वाज तथा नीरा गोयल ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी सदैव मानव हित के कार्य निरंतर करती रहती है तथा सभी सामाजिक संगठनों को सहयोग के साथ में समाज को एक नई दिशा देने का काम करती है।
इस मौके पर वेदकुमारी, उपप्रधान राजेंद्र कौर, कौशल जैन, मीरा होरी के अलावा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।







