फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य और शरीर का ध्यान रखते हुए समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए ताकि वे निरोगी और फिट रह सकें। इससे उनका परिवार भी हमेशा खुश रहेगा।
ये विचार केंद्रीय खेल व युवा मामलों में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं फरीदाबाद के जिला उपायुक्त रहे जितेन्द्र यादव ने आज यहां ट्रैफिक थाने में होमगार्ड के स्थापना वर्ष पर आयोजित रक्तदान शिविर में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। इस अवसर पर उनके साथ जिला वन अधिकारी राजकुमार, एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार तथा मोर्निंग हेल्थ के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद थे। इस मौके पर उपरोक्त अधिकारी गणों ने स्वयं भी रक्तदान कर होमगार्डों की हौसला अफजाई भी की। शिविर में पहुँचने पर एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार, एसएचओ ट्रैफिक दर्पण सिंह, डॉ. एमपी सिंह और ट्रैफिक ताऊ रविंदर ने अधिकारियों को बुके और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि जितेंद्र यादव ने कहा कि कोई भी व्यक्ति हर तीन महीने में रक्दान कर दो लोगों को जीवनदान दे सकता है, इसलिए इस पुनीत कार्य में उन्हें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
वहीं एसीपी ट्रैफिक विनोद कुमार ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा और डीसीपी ट्रैफिक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस जहां सड़कों पर से ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने में लगी हुई है, वहीं सामाजिक कार्यों में भी रक्तदान और हैल्थ चेकअप आदि कैम्प लगाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक करने में लगी हुई है।
