*फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे/15,अगस्त- 2026*
जिला फरीदाबाद में आज शनिवार को भारत देश की आजादी का 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर्व पूरे हर्षोल्लास व देश भक्ति भाव के साथ मनाया गया। समारोह में हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने उपरांत परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश को आजाद कराने और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले असंख्य वीर शहीदों को पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया और उनके शौर्य को सलाम किया।
– स्वतंत्रता दिवस पर वीर जवानों और शहीद परिवारों को नमन, विपुल गोयल ने दी प्रदेशवासियों को बधाई
हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिवारों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन वीरांगनाओं और शहीद परिवारों को श्रद्धापूर्वक याद करने का अवसर है, जिनके परिवारजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
हरियाली तीज प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति की समृद्ध परंपरा का प्रतीक : विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी। देश के करोड़ों नागरिकों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। आज देश स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के गौरवपूर्ण अवसर पर अपने लोकतांत्रिक सफर की उपलब्धियों को याद करते हुए भविष्य के भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पिछले 12 वर्षों में 425 शहीदों के आश्रितों को दी सरकारी नौकरी
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि हमारे जवान विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद परिवारों के सम्मान एवं कल्याण को सरकार प्राथमिकता दे रही है और पिछले करीब 12 वर्षों में 425 शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई। वीरों के त्याग की स्मृति को जीवंत रखने के लिए अंबाला छावनी में शहीद स्मारक स्थापित किया जा रहा है।
कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास से मजबूत हो रही हरियाणा की अर्थव्यवस्था
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार, तकनीकी विकास और आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है। वर्ष 2026-27 में हरियाणा का GSDP लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से करीब 11 प्रतिशत अधिक है। यह कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास का परिणाम है। सरकार निवेश, उद्योग, रोजगार, किसानों की आय और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दे रही है। उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल व पारदर्शी बनाया गया है तथा एमएसएमई नीति से छोटे उद्योगों और ‘लोकल फॉर वोकल’ के साथ रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी।
जींद-सोनीपत के बीच पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा की तकनीकी क्षमता का प्रतीक
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और हरियाणा की बढ़ती तकनीकी क्षमता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा समावेशी विकास है, जिसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों—युवा, किसान, नारी शक्ति और गरीब—को सशक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। सामाजिक न्याय के तहत पिछड़े एवं वंचित वर्गों के कल्याण के साथ संबंधित आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है तथा पिछड़ा वर्ग को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण दिया गया है।
मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों के विवाह में 71 हजार रुपये का शगुन
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपये का शगुन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को आवास तथा जरूरतमंद परिवारों को प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त उपचार, किडनी रोगियों को सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले तीसरी-चौथी स्टेज के कैंसर मरीजों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक चिकित्सा विश्वविद्यालय और 12 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिनमें पांच सरकारी और सात निजी हैं। एमबीबीएस की 2,260 और पीजी की 778 सीटों में वृद्धि की गई है।
लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2,100 रुपये देने का प्रावधान
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कृषि क्षेत्र में सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही 20 वर्षों से भूमि पर कब्जेदार पट्टेदारों को मालिकाना हक देने का निर्णय लिया गया है। कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, सिंचाई, कृषि तकनीक और किसान उत्पादक संगठनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां और महिलाएं प्रदेश की मजबूत आधारशिला हैं। सरकार महिलाओं को लाभार्थी के साथ विकास में सक्रिय भागीदार बनाने के लिए कार्य कर रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2,100 रुपये देने का प्रावधान है। गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है तथा महिलाओं की अधिक भागीदारी के लिए परिवार की आय सीमा में छूट बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण का नेतृत्व करेंगे आज के युवा
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण का नेतृत्व आज के युवा करेंगे। इस वर्ष की स्वतंत्रता दिवस थीम ‘युवा शक्ति—विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व’ इसी भूमिका को रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होना गौरव का विषय है और यह भारत की स्वतंत्रता चेतना व राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।
नशा युवा शक्ति और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती, जनभागीदारी से लड़ाई जरूरी
नशे को युवा शक्ति और समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। देशभर में 28 हजार से अधिक स्थानों पर करोड़ों युवाओं ने नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। हरियाणा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने संकल्प लिया। सरकार राहगीरी, युवा मैराथन और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से देश-दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। सरकार खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित 39 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों ने 10 पदक हासिल किए। इनमें सात स्वर्ण पदक शामिल हैं और प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और परिवारों को बधाई दी।
तकनीक और डिजिटल माध्यमों से सरकारी सेवाएं पहुंच रही घर-द्वार तक
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि पारदर्शी और जन-केंद्रित शासन सरकार की प्राथमिकता है। तकनीक, ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल माध्यमों से सरकारी सेवाएं घर-द्वार तक पहुंचाई जा रही हैं। युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार और कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा बजट निर्माण में नागरिकों के सुझाव भी शामिल किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर हमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने का संकल्प लेना है। ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध, युवा रोजगार पाने के साथ रोजगार देने वाला, बेटियां सुरक्षित व आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को बढ़ावा मिले, गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन मिले तथा गांव-शहर समान रूप से विकसित हों।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगे स्पोर्ट्स शूज, सोमवार को स्कूलों में रहेगा अवकाश
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने प्रदेशवासियों से विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण में मिलकर योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने वीर जवानों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, न्यायपालिका, सिविल सेवाओं, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, चिकित्सकों, खिलाड़ियों तथा समाज के सभी वर्गों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी की मेहनत और उपलब्धियां ही देश व प्रदेश की असली ताकत हैं। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह में खेल, पीटी परेड एवं अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके लिए स्पोर्ट्स शूज देने की घोषणा की। साथ ही, विद्यार्थियों की सहभागिता को देखते हुए सोमवार को स्कूलों में अवकाश रखने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर फरीदाबाद मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, डिविजनल कमिश्नर संजय जून, डीसी आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, संयुक्त आयुक्त (पुलिस) राजेंद्र मीणा, डीसीपी हेडक्वाटर (पुलिस) हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी (पुलिस) सेंट्रल उषा, डीसीपी क्राइम (पुलिस) राजेश कुमार मोहन, एसडीएम फरीदाबाद डॉ हनी बंसल, सीटीएम अंकित कुमार, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, जिलाध्यक्ष फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल, पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा, युद्ध वीरांगनाएंं, शहीदों के आश्रित सहित अन्य अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




