
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29 फरीदाबाद की छात्राओं ने 10वीं फरीदाबाद डिस्ट्रिक्ट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप – 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतियोगिता योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन फरीदाबाद द्वारा द श्रीराम मिलेनियम स्कूल, सेक्टर-81, फरीदाबाद के सहयोग से 16 एवं 17 मई- 2026 को आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं अंकिता, अर्पिता, गर्गी एवं ऋषिका ने विभिन्न योग स्पर्धाओं में भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पारंपरिक योगासन प्रतियोगिता (10–12 आयु वर्ग) में गर्गी ने 5वाँ स्थान प्राप्त कर मेरिट सर्टिफिकेट हासिल किया। वहीं पारंपरिक योगासन प्रतियोगिता (12–14 आयु वर्ग) में अंकिता ने स्वर्ण पदक, अर्पिता ने रजत पदक तथा ऋषिका ने कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। तीनों छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेरिट सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए।
आर्टिस्टिक सोलो प्रतियोगिता (12–14 आयु वर्ग) में अंकिता ने रजत पदक तथा अर्पिता ने कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंकिता, अर्पिता एवं ऋषिका का चयन आगामी हरियाणा स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता हरियाणा स्टेट योगासन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी, जो योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध संस्था है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंशु टंडन, शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती वंदना शर्मा तथा योग एवं खेल प्रशिक्षक श्री श्याम कुमार ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





