
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद की Youth Red Cross (YRC) Unit के तत्वावधान में विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक प्रभावशाली एवं जागरूकता से परिपूर्ण अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सचेत करना तथा स्वच्छता के महत्व को समझाना था।
इस अवसर पर डॉ. कपिल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु में जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ती है, जिससे मलेरिया का संक्रमण फैलने का खतरा अधिक हो जाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है और इससे बचाव के लिए स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम तथा व्यक्तिगत सावधानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज में भी जागरूकता फैलाएं।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने मिलकर परिसर में साफ-सफाई की तथा मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को नष्ट किया। इसके साथ ही जन-जागरूकता रैली एवं संवाद के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश भी प्रसारित किए गए।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर YRC Boys इकाई के समन्वयक डॉ. अमित शर्मा, YRC Girls इकाई की समन्वयक सुश्री ओमिता जोहर, श्री प्रवीण कुमार, श्री गजानंद, सभी स्वच्छता कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव हेतु निरंतर जागरूक रहने का संकल्प लिया।




