
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-15 स्थित गीता मंदिर के निकट विकसित नए इको वन ‘कृष्ण वाटिका’ का उद्घाटन हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर किया। इस हरित पहल को सी. दास फाउंडेशन द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य शहरी क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है।
‘कृष्ण वाटिका’ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन को भी दर्शाती है, जहां प्रकृति, सादगी और संतुलन का संदेश मिलता है। एक समय ऐसा था जब इस स्थान पर कूड़े के ढेर लगे रहते थे, लेकिन अब उसी जगह को विकसित कर एक सघन हरित क्षेत्र और छोटे जंगल के रूप में तैयार किया जा रहा है, जो अपने आप में परिवर्तन की एक प्रेरणादायक मिसाल है। यह इको वन आधुनिक पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, जिसमें औषधीय पौधे, छायादार वृक्ष, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छ पाथवे शामिल हैं। ‘इकोवन’ श्रृंखला के तहत विकसित यह ‘कृष्ण वाटिका’ 11वां इको वन है, जो शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में भी पेड़ पौधों को साफ रखने के लिए यहां मिस्ट तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।
इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि, मेरा मानना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। ‘कृष्ण वाटिका’ इसी सोच का प्रतीक है, जहां एक ओर शहर को हरियाली मिल रही है, वहीं लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित हो रहा है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हमें पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयासों की सख्त जरूरत है। अगर हम आज प्रकृति की रक्षा करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य दे पाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सी. दास ग्रुप के चेयरमैन एवं समाजसेवी बी.आर. भाटिया ने कहा कि, जहां कभी कूड़े के ढेर लगे रहते थे, आज वहीं ‘कृष्ण वाटिका’ के रूप में हरियाली विकसित होना इस बात का प्रमाण है कि सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास से असंभव भी संभव हो सकता है। हमारा उद्देश्य केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि लोगों के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जगाना है। यह इको वन आने वाले समय में समाज के लिए एक प्रेरणा केंद्र बनेगा। इस मौके पर सी. दास ग्रुप के निदेशक आरके भाटिया, एफआईए के प्रधान राज भाटिया, विपिन भाटिया, मुकेश भाटिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
स्थानीय निवासियों में भी ‘कृष्ण वाटिका’ को लेकर खासा उत्साह देखा गया। उनका मानना है कि यह पहल न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण भी प्रदान करेगी। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



