
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने आज वार्ड नंबर- 45 की सूबेदार कॉलोनी में 33 गलियों में लगभग 45 लाख रुपये की लागत से डाली जाने वाली पीने के पानी की पाइप लाइन के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने नारियल फुड़वाकर और कार्य का शुभारंभ कर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सूबेदार कॉलोनी की गलियों में नई पाइप लाइन डाले जाने से जल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बल्लभगढ़ क्षेत्र में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सड़कों, सीवर और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए कई नई परियोजनाओं पर कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस मौके पर पार्षद किरण बाला, जयप्रकाश मास्टर, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद सोनू वैष्णव, उद्यम आढ़ाना, टेकचंद, पवन कुमार (सीएम विंडो एमिनेंट सदस्य) सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने भी इस कार्य के शुभारंभ पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।।






