
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया, फरीदाबाद द्वारा आज थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के हित में एक सराहनीय एवं भावनात्मक पहल करते हुए यथार्थ हॉस्पिटल, सेक्टर-20, फरीदाबाद में निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा बच्चों को सुविधा पूर्वक रक्त चढ़ाने हेतु विशेष फिल्टर भी वितरित किए गए।
इस पुनीत कार्य में इन्नर व्हील क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 301, डॉ. ज्ञानेंद्र सहपाठी, श्रीमती अनीता जैन एवं श्रीमती वीना सहपाठी का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में फरीदाबाद कालीबाड़ी, सेक्टर-16 के प्रधान श्री ए. के. पंडित विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में जब भी रक्त की कमी होगी, कालीबाड़ी परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित कर इस आवश्यकता को पूरा किया जाएगा।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. बालकिशन (समूह निदेशक यथार्थ हॉस्पिटल्स – शल्य चिकित्सा विभाग एवं चिकित्सा सलाहकार) का विशेष योगदान रहा। यह भी जानकारी दी गई कि यथार्थ र्हॉस्पिटल में ब्लड बैंक की शुरुआत होने जा रही है, जिससे उम्मीद की जा रही है उसके बाद थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों को वहीं से निशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में भी बच्चों को बाहर से रक्त लाने पर यथार्थ हॉस्पिटल में निशुल्क रक्त चढ़ाने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
संस्था के प्रधान श्री बी. दास गुलाटी ने भावुक शब्दों में बताया कि यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए आने वाले समय में और भी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि इन बच्चों को एक स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक सशक्त कदम है। ऐसे सहयोग से बच्चों और उनके परिवारों को न केवल चिकित्सा सहायता मिलती है, बल्कि एक नई आशा और विश्वास भी जागृत होता है।
इस अवसर पर संस्था के महासचिव श्री रविंद्र डुडेजा एवं जॉइंट सेक्रेटरी श्री जे. के. भाटिया भी उपस्थित रहे।
फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया द्वारा किया गया यह प्रयास समाज में मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भाव का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।







