फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
हरियाणा राजभवन चंडीगढ़ में आयोजित यूथ रैड क्रॉस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल महामहिम बंडारू दत्तात्रेय जी ने अग्रवाल महाविद्यालय बल्लबगढ़ के प्राचार्य डॉ कृष्णकांत गुप्ता को रजत पदक से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान वर्ष 2019-20 में उनके द्वारा यूथ रैड क्रॉस से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को महाविद्यालय में संचालित करने के लिए एवं अन्य संबंधित उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय को भी यूथ रैड क्रॉस शील्ड से नवाजा गया। साथ ही महाविद्यालय के यूथ रैड क्रॉस काउंसलर डॉ जयपाल सिंह, विभागाध्यक्ष इतिहास विभाग को भी यूथ रैड क्रॉस काउंसलर अवार्ड से सम्मानित किया गया। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी महाविद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य और यूथ रैड क्रॉस काउंसलर डॉ जयपाल सिंह को भिन्न-भिन्न अवसरों पर महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाता रहा है। महाविद्यालय अपनी यूथ रैड क्रॉस की इकाइयों के स्वयंसेवकों और काउंसलरस के माध्यम से भिन्न-भिन्न गतिविधियां जैसे कि रक्तदान शिविर,एनीमिया जांच एवं उपचार शिविर, नेत्रदान, आत्मसुरक्षा के लिए छात्राओं की कार्यशाला, एक्यूप्रेशर चिकित्सा शिविर, अंगदान स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य वार्ता, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर, दंत जांच शिविर, गोद लिए हुए गावों में स्वास्थ्य जांच शिविर, नशा मुक्ति,स्वच्छता, पर्यावरण एवं सड़क सुरक्षा आदि से संबंधित कार्यक्रम एवं रैलियां, वृक्षारोपण, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता इत्यादि स्वयं एवं प्रशासन के साथ मिलकर प्रतिवर्ष कराता रहता है। महाविद्यालय एवं प्राचार्य की इस उपलब्धि पर प्रबंध समिति के प्रधान श्री देवेंद्र गुप्ता जी, उपप्रधान डॉ वासुदेव गुप्ता जी, महासचिव श्री विनोद मित्तल जी, कोषाध्यक्ष श्री प्रवीण मित्तल जी, प्रबंध समिति की कार्यकारिणी के सदस्यगण एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने बधाई दी।
