
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर – 21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में आज हरियाणवी फिल्म “सांगी” का भव्य प्रीमियर उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह अवसर सिनेमा प्रेमियों के लिए खास रहा। वॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रणदीप हुड्डा की माताजी, श्रीमती आशा हुड्डा जी ने 75 वर्ष की आयु में इस फिल्म के माध्यम से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की है।
“सांगी” हरियाणा की मिट्टी की सोंधी खुशबू, सच्ची भावनाओं और जीवंत संस्कृति का सशक्त चित्रण है। सांग (स्वांग) जैसे पारंपरिक लोकनाट्य के माध्यम से यह फिल्म नृत्य, गीत और संवादों में लोक जीवन की आत्मा को जीवंत करती है। यह केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं, बल्कि सच्ची मित्रता, रिश्तों की गहराई और सामाजिक मूल्यों का प्रभावशाली संदेश भी देती है।
आज के समय में विलुप्त होती इस लोककला को पुनर्जीवित करने का प्रयास करते हुए, फिल्म एक सांग कलाकार के संघर्षों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत करती है और समाज में इस कला को पुनः सम्मान दिलाने की दिशा में सार्थक पहल करती है।
ग्रामीण पृष्ठभूमि में बुनी यह कहानी हरियाणवी बोली, परंपराओं और भाईचारे की भावना को फिल्म में अत्यंत सहज और वास्तविक रूप में प्रस्तुत करती है।
आज के आधुनिक दौर में, जब लोग अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, “सांगी” हमें अपनी संस्कृति और मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा देती है। यह फिल्म हर उस दर्शक के दिल को छूती है, जो अपने रिश्तों और सांस्कृतिक पहचान को महत्व देता है। “सांगी” एक ऐसी कहानी है जो दिलों को जोड़ती है और अपनी जड़ों की अहमियत का एहसास कराती है।
फिल्म की एक विशेष और प्रेरणादायक बात यह है कि वॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रणदीप हुड्डा की माताजी, श्रीमती आशा हुड्डा जी ने 75 वर्ष की आयु में इस फिल्म के माध्यम से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की है। यह उदाहरण यह सिद्ध करता है कि सपनों को साकार करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
निर्माताओं का उद्देश्य है कि “सांगी” अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुँचे और हरियाणवी सिनेमा को एक नई ऊँचाई और पहचान मिले। यह फिल्म न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि दर्शकों के मन में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना भी जागृत करती है।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री ऋषिपाल चौहान, उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नरजीत कौर समेत श्रीमती आशा हुड्डा, रोहित बच्ची, लोकेश मोहन खट्टर, गीतू परी, रविन्द्र बजवान, अन्ना, साक्षी दलाल, कुलदीप सिंह, रमेश मूर्ति, इंदर सिंह लांबा, भी उपस्थित रहे।




