
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे/ पांच-ए ब्लॉक स्थित श्री हरि मंदिर में चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि का शुभारंभ विधि-विधान से किया गया। शहर के वरिष्ठ नागरिक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री अमरनाथ बागी ने मंदिर प्रांगण में मां दुर्गा के समक्ष ज्योति प्रज्वलित कर उत्सव की शुरुआत की। इस दौरान मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के प्रमुख पदाधिकारियों में तिलक राज आहुजा, संजय सेतिया, हरीश शर्मा और हनी कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, श्री हरि मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक जुड़ाव लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र बनता जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार श्री अमरनाथ बागी जिले के सबसे वृद्ध वरिष्ठ नागरिकों में से एक हैं। वे आगामी 6 मई को अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करेंगे, जो समाज के लिए प्रेरणा का विषय है।







