फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / मिशन जागृति के अध्यक्ष विवेक गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए मिशन जागृति की हरियाणा के सभी जिलों की महिला काउंसिल, मिशन जागृति यूथ क्लब तथा मिशन जागृति वरिष्ठ जन क्लब की वर्तमान समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाता है। जल्द ही इन सभी इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा और कर्मठ कार्यकर्ताओं को जवाबदेही के साथ नई जिम्मेदारियाँ सौंपी जाएंगी।
गौरतलब है कि 11 अक्टूबर 2007 को मिशन जागृति का पंजीकरण भारतीय सोसाइटी अधिनियम के अंतर्गत संस्थापक प्रवेश मलिक द्वारा कराया गया था। तब से लेकर आज 16 मार्च तक संस्था को 18 वर्ष, 5 महीने और 5 दिन (कुल 6731 दिन) पूरे हो चुके हैं। इस अवधि में मिशन जागृति द्वारा लगातार सामाजिक कार्य करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाता रहा है।
विवेक गौतम ने बताया कि 11 अक्टूबर 2027 को मिशन जागृति के 20 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह पुनर्गठन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन जागृति की मुख्य समिति का कार्यकाल भी पूरा हो चुका है, जिसके पुनर्गठन की प्रक्रिया भी जल्द प्रारंभ की जाएगी और मुख्य समिति के चुनाव/चयन शीघ्र कराए जाएंगे।
इस अवसर पर संस्था के महासचिव प्रवेश मलिक ने बताया कि मिशन जागृति में अप्रैल माह से नए वॉलंटियर जोड़े जाएंगे तथा कई नए प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता और अवसर पहुँचाना होगा। साथ ही महिलाओं और बेटियों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार बनने वाली जिला स्तरीय समितियों का कार्यकाल मार्च 2028 तक रहेगा, ताकि टीम और पदाधिकारियों को कार्य करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। बहुत जल्द मिशन जागृति के सभी वॉलंटियर की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसके बाद नई समितियों के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
