फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / ह्यूमन राइट्स सेफ्टी ट्रस्ट की·टीम द्वारा समृद्धि हॉस्पिटल के सहयोग से महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सेक्टर-31 के कम्युनिटी सेंटर में किया गया। कार्यक्रम में ह्यूमन राइट्स सेफ्टी ट्रस्ट की प्रैसीडेंट रेखा पवार, सीनियर वाइस प्रैसीडेंट निशी गर्ग और अजय कथूरिया सहित पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद गायिका आकांक्षा ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मान्यता है कि हर शुभ कार्य प्रभु के नाम से शुरू किया जाए तो वह कार्य सुंदर और सफल माना जाता है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला थाना प्रभारी ऊषा रानी, उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं के उत्साह और कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को सम्मानित करना था। उन महिलाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया जो अपने घर से छोटे-छोटे व्यवसाय चलाकर न केवल अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही हैं बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं। सभी चयनित महिलाओं को ट्रॉफी, चुनरी, सर्टिफिकेट और पौधे देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नीतू ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, वहीं छोटी बच्ची वनिषा ने अपनी मधुर गायकी से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब उद्यमी नीलम गुप्ता जो स्वास्थ्य कारणों से ऑक्सीजन सिलिंडर के सहारे हैं, उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई ताकि वे कार्यक्रम का हिस्सा बन सकें। टीम ने उनके पास जाकर उन्हें चुनरी और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया, जिससे वे अत्यंत भावुक और प्रसन्न दिखाई दीं।
कार्यक्रम का माहौल अत्यंत प्रेरणादायक रहा और सभी महिलाओं के चेहरे पर आत्मसम्मान और खुशी की मुस्कान देखने को मिली। अंत में ह्यूमन राइट्स टीम ने समृद्धि हॉस्पिटल के डॉक्टरों और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
टीम ने कहा कि वे भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे और समाज में महिलाओं के सम्मान व सशक्तिकरण का झंडा इसी तरह ऊंचा फहराते रहेंगे। सभी सहयोगियों और उपस्थित अतिथियों का तहे दिल से धन्यवाद।
