पलवल, जनतंत्र टुडे / 13 मार्च 2026:— श्री राम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट (SRCEM) तथा श्री राम कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड मेडिकल साइंसेज (SRCPMS) में आयोजित वार्षिक स्पोर्ट्स फेस्ट- 2026 का उद्घाटन आज माननीय सुश्री ममता खरब, HPS, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), पलवल द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया गया।
सुश्री ममता खरब खेल जगत में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए भी जानी जाती हैं। उन्हें भारतीय हॉकी की “गोल्डन गर्ल” के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने 2002 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। खेलों में उनकी उपलब्धियां और अनुशासन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
अपने संबोधन में सुश्री ममता खरब ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि अनुशासन, मेहनत, टीमवर्क और सकारात्मक सोच जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और खेलों के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर SRCEM व SRCPMS के ट्रस्टी श्री एम. सी. मित्तल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक होते हैं।
दो दिवसीय इस स्पोर्ट्स फेस्ट में क्रिकेट, बास्केटबॉल, लॉन्ग जंप, हाई जंप, रेस, कैरम, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज, डिस्क थ्रो, शॉट पुट, बैडमिंटन, थ्री-लेग रेस तथा लेमन-स्पून रेस जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. एस. के. गुप्ता, निदेशक/प्राचार्य, SRCEM एवं SRCPMS ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रेरणादायक विचारों के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को सफल एवं प्रेरणादायक बना दिया। स्पोर्ट्स फेस्ट का समापन 14 मार्च -2026 को विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।
