फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने आज वार्ड 21, 22 और 23 में विभिन्न विकास कार्यों के निर्माण कार्य का विधिवत तरीके से वार्ड के स्थानीय निवासियों से नारियल तुड़वाकर शुभारंभ किया। उनके साथ बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि वार्ड नंबर 21, 22 और 23 में लगभग सवा छह करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी। इन तीनों वार्डों में आरएमसी सड़कों का निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स का लगाना, ट्यूबवेल की स्थापना, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और सड़कों के सौंदर्यकरण का कार्य किया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता देने के उद्देश्य से उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, नल से जल योजना, स्वयं सहायता समूह, मुद्रा योजना तथा लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक देश की महिलाएं सशक्त नहीं होंगी, तब तक देश पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकता।
केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा और क्षेत्र के हर व्यक्ति के लिए समान रूप से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ हर क्षेत्र को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में वर्ष 2014 के बाद विकास कार्यों की गति तेज हुई है और फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली–बड़ोदरा एक्सप्रेसवे, केएमपी, एलिवेटेड रोड और अन्य हाईवे परियोजनाओं के कारण फरीदाबाद की कनेक्टिविटी देश के कई बड़े शहरों से बेहतर हो गई है। आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट, मेट्रो विस्तार और रैपिड रेल परियोजनाओं से फरीदाबाद को और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में फरीदाबाद देश के प्रमुख विकसित शहरों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे ताकि किसी भी क्षेत्र को सुविधा से वंचित न रहना पड़े।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि ग्रीन फील्ड क्षेत्र को आधुनिक और सुंदर कॉलोनी के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि ग्रीन फील्ड के लोगों ने हमेशा हमारी सरकार पर विश्वास जताया है, इसलिए क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आज जिस मार्ग का उद्घाटन किया जा रहा है, उसे उपलब्ध स्थान के अनुसार 18 फुट से 24 फुट तक चौड़ा किया जाएगा, ताकि यातायात सुगम हो सके और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि ग्रीन फील्ड को शहर की सबसे सुंदर और व्यवस्थित कॉलोनियों में शामिल करने के लिए सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सीवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जल्द ही पूरे क्षेत्र में बेहतर स्ट्रीट लाइट, सीमेंटेड सड़कें और आकर्षक अंडरपास की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यहां के निवासियों को बेहतर आवागमन और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ कराए जाएंगे और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, हरिंदर भड़ाना, जितेंद्र लाला सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।
