फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी. ए. वी. शताब्दी महाविद्यालय की एन.एस.एस. (बॉयज एवं गर्ल्स) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना सिंघल, सहायक प्राध्यापक, वाणिज्य विभाग द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना सिंघल ने स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और सामाजिक चेतना की सराहना करते हुए कहा कि एन.एस.एस. जैसे मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में शिविर की सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। उनके प्रेरणादायक नेतृत्व एवं सतत सहयोग से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश प्रभावी ढंग से दिया। इसके अतिरिक्त कश्मीरी स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता का रंग भरा।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बेस्ट वॉलंटियर्स के रूप में अंकित कापरी, निखिल नागर, जिया एवं राखी को सम्मान प्रदान किया गया। एक्टिव वॉलंटियर्स श्रेणी में शोभित, अंकित माथुर, स्नेहा एवं खुशी को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट सीनियर वॉलंटियर्स के रूप में गोलू, रानी एवं दीप्ति तथा बेस्ट कैंपर वॉलंटियर्स के रूप में संजना एवं अजय को सम्मानित किया गया।
बेस्ट टीम वॉलंटियर्स के रूप में विशाखा, बादल, सूरज, अदिति चौहान, अदिति प्रजापति, खुशी रानी, मोनिका, प्रवीण एवं प्रियंका को सम्मान मिला, जबकि बेस्ट सपोर्टिव लीडर्स के रूप में तरुण एवं फैजान को विशेष रूप से सराहा गया।
प्रतियोगिताओं में पोस्टर मेकिंग में आयुष ने प्रथम तथा हर्ष एवं भूमिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में पौस्टिना प्रथम एवं पुनीत द्वितीय रहे। क्विज प्रतियोगिता में मोनिका की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
नुक्कड़ नाटक टीम में अमन, अश्मित, शालू, भाव्या, प्रियंशु, गोविंद, सचिन सहित अन्य सदस्यों की प्रस्तुति सराहनीय रही। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर व्यक्तित्व मिस यावरी दीक्षित ने प्रेरणादायक व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, साहस और सकारात्मक सोच के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने का संदेश दिया।
एन.एस.एस. बॉयज़ यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र एवं गर्ल्स यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी सुश्री कविता शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में शिविर की सभी गतिविधियाँ सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। सात दिवसीय यह व्यक्तित्व विकास शिविर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय साबित हुआ।
