फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा के चालू बजट-सत्र के दौरान पृथला क्षेत्र में चिकित्सा से जुडी मुख्य मांग उठाते हुए पलवल-बल्लभगढ़ के बीच में नेशनल हाईवे पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने की मांग बुलंद आवाज में उठाई।
उन्होंन विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पलवल से बल्लभगढ़ तक का क्षेत्र पृथला विधानसभा क्षेत्र में आता है। इस इलाके में सैकडों की संख्या में बडी-बडी फैक्टरी लगी हुई हैं वहीं नेशनल हाईवे होने के चलते यहां आए दिन सडक दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए लोगों को पलवल या फरीदाबाद जाना पडता है जिसमें बहुत समय लगता है। क्योंकि पलवल में जिला नागरिक अस्पताल शहर के अंदर है जिससे वहां पहुंचने में काफी समय जाम में फंसा रहना पडता है। लगातार बढ़ते सडक़ हादसों को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रॉमा सेंटर की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि दुर्घटना के समय घायलों को तुरंत उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके।
विधायक तेवतिया ने कहा कि पूर्व में भी उनके द्वारा विधानसभा क्षेत्र के लिए इस मांग को उठाया था लेकिन अभी तक पूरी नहीं हुई है। इसलिए वह सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द इस मांग को पूरा किया जाए। ताकि क्षेत्र में चिकित्सा का विकास हो सके।
विधायक तेवतिया द्वारा ट्रामा सेंटर की आवाज उठाए जाने पर सत्र में मौजूद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने केन्द्र सरकार ने आज ही प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट रिलीफ नामक एक नई योजना निकाली है जिसमें कुछ चुनिंदा अस्पतालों में डेढ़ लाख रूपये तक उपचार कराने का प्रावधान है और पलवल और बल्लभगढ़ नजदीक हैं, मंत्री द्वारा मुद्दे को टाल मटोल करने पर फिर से विधायक तेवतिया ने ट्रामा सेंटर की आवाज सदन में फिर से बुलंद की जिसपर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्थान की जांच कराकर उचित कार्यवाही का आश्चवासन दिया और मुख्यमंत्री ने विधायक तेवतिया के पास स्थान के निरीक्षण के लिए अधिकारी भेजे।
पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पत्रकारों से कहा कि बेशक वह विपक्ष के विधायक हैं लेकिन क्योंकि क्षेत्र की जनता ने उन्हें विधायक चुनकर भेजा है इसलिए वह जनहित के मुद्दों को सडक से लेकर विधानसभा तक उठाएंगे। विधानसभा क्षेत्र के लिए उनके द्वारा उठाई गई यह सभी मांगें जनता से सीधी जुडी हुई हैं। वह सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए। ताकि क्षेत्र का विकास हो सके और जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पृथला के अधिकार और विकास की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
