फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मण्डपम में आयोजित प्रतिष्ठित कार्यक्रम ‘द राइजिंग भारत समिट’ में विद्यार्थियों तथा प्राध्यापकों के लिए शैक्षिक भ्रमण सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम News18 India द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें भारत सरकार के केन्द्रीय मंत्रियों, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के कुशल निर्देशन में आयोजित इस शैक्षिक यात्रा में महाविद्यालय के लगभग सभी संकायों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। डॉ. नरेंद्र कुमार विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु इस प्रकार के शैक्षिक, बौद्धिक एवं राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं, जिससे विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष से बाहर व्यावहारिक ज्ञान एवं समसामयिक परिप्रेक्ष्य को समझने का अवसर प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समसामयिक राष्ट्रीय, आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक विषयों पर प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त हुई। विकसित भारत के लक्ष्य, युवा शक्ति की भूमिका, डिजिटल प्रगति, आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक परिदृश्य में भारत की सशक्त उपस्थिति जैसे विषयों पर हुए विचार-विमर्श ने विद्यार्थियों को अत्यंत प्रेरित किया।
समिट में विभिन्न क्षेत्रों के अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपने विचार साझा किए। आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से भक्ति योग शिक्षिका राधिका दास उपस्थित रहीं। वित्तीय एवं नियामक क्षेत्र से भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पूर्णकालिक सदस्य कमलेश चंद्र वर्शनेय ने विचार रखे। फिनटेक एवं उद्योग क्षेत्र से PhonePe लेंडिंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंत गाला तथा IDfy के सह-संस्थापक एवं CEO अशोक हरिहरन ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।
खेल जगत से भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, पूर्व भारतीय महिला क्रिकेट कप्तान मिताली राज तथा स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
व्यापार एवं उद्योग जगत से DTDC Express के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक चक्रवर्ती तथा mCaffeine के सह-संस्थापक एवं CEO तरुण शर्मा ने नवाचार एवं उद्यमिता पर महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
खाद्य एवं पाक कला क्षेत्र से प्रसिद्ध शेफ अमनिंदर संधू तथा फूड ब्लॉगर अर्जुन मदान ने भी अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर प्राध्यापकों में डॉ. अमित शर्मा, प्रमोद कुमार, मनजीत पटियाल, डॉ. नरेंद्र, देवदत्त, डॉ. मंजीत सिंह, रितु (पुस्तकालयाध्यक्षा), अमित नेगी आदि के साथ महाविद्यालय के सभी विभागों से लगभग 90 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। एम.कॉम विभाग से डॉ. इमराना खान कोऑर्डिनेटर के रूप में रहीं तथा हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. ममता ने समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन संयोजिका के रूप में किया।
कार्यक्रम के उपरांत विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं करियर उन्मुख बताया। महाविद्यालय परिवार ने इस शैक्षिक पहल को विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा भविष्य में भी ऐसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
