फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / श्री खाटूश्याम जी की असीम कृपा से सेक्टर-49 स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर, भांकरी धाम परिसर में 28 फरवरी 2026, सायं 5 बजे से आयोजित भव्य फाल्गुन महोत्सव श्याम संकीर्तन, फूलों की होली एवं विशाल भंडारा अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर श्याम बाबा के दिव्य दरबार में हाजिरी लगाई और भजनों-कीर्तन के माध्यम से भक्ति-रस का आनंद लिया। संकीर्तन में आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायकों योगेश प्रजापति (फरीदाबाद), रोशनी बत्रा (दिल्ली), श्रेया प्रिया (वृंदावन) एवं आकाश अरोड़ा (फरीदाबाद) ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विशेष रूप से सभी भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत होली के रसपूर्ण भजनों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। हजारों श्रद्धालु भक्ति-उल्लास में झूम उठे, भजनों पर देर तक नृत्य करते रहे और मंदिर प्रांगण में फूलों की होली खेली गई। पूरा पंडाल “जय श्री श्याम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा और भक्तजन देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
इस अवसर पर भव्य शृंगारित दरबार, पुष्प सज्जा एवं अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। संकीर्तन उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
मंदिर समिति एवं आयोजन परिवार ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों को दिया तथा सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति ने बताया कि श्याम बाबा की कृपा से यह फाल्गुन महोत्सव अत्यंत दिव्य एवं अविस्मरणीय रहा तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजन निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
