फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जल, जंगल और जमीन का संरक्षण करना देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पीपल की पूजा और तुलसी पर जल चढ़ाना ही पर्याप्त नहीं हैं अपितु आज हम सब को पेड़ पौधों की रक्षा करनी होगी और पर्यावरण को क्षति पहुँचाने वाले किसी भी कृत्य से बचना होगा। सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग हो, ऐसा हम सब को प्रयास करना होगा। उक्त विचार बालाजी कॉलेज बल्लबगढ़ में आयोजित सकल हिन्दू सम्मलेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के हरियाणा प्रान्त संयोजक डॉ. जगदीश चौधरी ने व्यक्त किये।
सबसे पहले कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्र कल्याण यज्ञ किया गया उसके बाद सामाजिक कार्यकर्त्ता बहिन वसुंधरा के कुशल मंच संचालन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ तथा वंदे मातरम् गीत के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कई बच्चों द्वारा द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत गीत व नृत्यों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम में अनेकों महिलाएं कलश लेकर पहुंची थी।
भूतनाथ मंदिर के महंत बाबा बालकदास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। संतश्री बालक दास ने इस अवसर अपना आशीर्वचन प्रदान किया और कहा कि सनातन सभ्यता विश्व की प्राचीनतम एवं महानतम सभ्यता है, जिसे संजो कर रखना सम्पूर्ण विश्व के कल्याण एवं मानवता के लिए बहुत जरुरी है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला सामाजिक सद्भावना प्रमुख अधिवक्ता राजेंद्र गोयल ने संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के पुनर्निर्माण के लिए समस्त हिन्दू समाज को जाति-पाति , ऊंच नीच, छोटे बड़े का भेद मिटाकर एक ध्वज के तले खड़ा होना होगा। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आजकल देश भर में सभी नगर, ग्राम, खंड एवं बस्तियों में हिन्दू सम्मलेन के कार्यक्रम चल रहे हैं और संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के पंच परिवर्तन ( पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी ) के आह्वान पर चर्चा हो रही है।
बल्लबगढ़ जिले में आज कुल 25 हिन्दू सम्मलेन कार्यक्रम हुए हैं। बल्लबगढ़ शहर में आज छः हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन हुआ है, जिनमे से एक आदर्श नगर में बालाजी स्कूल के प्रांगण में, विष्णु कॉलोनी में दूसरा गंगा विद्या निकेतन स्कूल में, सुभाष कॉलोनी में मैथिली धर्मशाला में , जैन कॉलोनी में जैन पब्लिक स्कूल में, कुंदन कॉलोनी में कुंदन ग्रीन वैली स्कूल के पास, तथा ऊँचा गांव स्थित कम्युनिटी सेंटर में संपन्न हुआ।
इनके अलावा सेक्टर 2 के अमेजन पार्क में, जहाँ पर विद्या भारती के प्रान्त अध्यक्ष डॉ. देव प्रसाद भरद्वाज मुख्य वक्ता के रूप में पधारे, सेक्टर 62 के कम्युनिटी सेंटर में, जहाँ पर जिला बौद्धिक प्रमुख संजय तिवारी जी मुख्य वक्ता के रूप में पधारे, मलेरना खंड में कुल 3 कार्यक्रम, मलेरना खंड के गाँव दयालपुर में संघ के प्रान्त कॉलेज विद्यार्थी प्रमुख डॉ. पवन मलिक मुख्य वक्ता के रूप में पधारे, करनेरा खंड में 2 कार्यक्रम, मोहना खंड में 2 कार्यक्रम, खेड़ी खंड में 4 कार्यक्रम व तिगांव खंड में 4 कार्यक्रम संपन्न हुए।
