फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हिंदू जनजागृति समिति के कार्यकर्ताओं ने नोएडा के सिटी मजिस्ट्रेट श्री अरविंद कुमार मिश्रा जी को ज्ञापन सौंपकर समाज में शास्त्र सम्मत एवं मर्यादित होली मनाने हेतु प्रशासनिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निवेदन किया।
समिति प्रतिवर्ष “जन जागरण अभियान” के माध्यम से समाज में धर्मशिक्षा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु प्रयासरत रहती है। सनातन हिंदू धर्म का मूल संदेश है – ‘सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया’, अर्थात सभी के सुख और कल्याण की कामना करना। हमारे ऋषि-मुनियों ने मानव जीवन को आनंदमय, संतुलित और आध्यात्मिक रूप से उन्नत बनाने के लिए विविध व्रत, पर्व एवं उत्सवों की परंपरा स्थापित की।
किन्तु वर्तमान समय में धर्म शिक्षा के अभाव के कारण हमारे पावन त्योहारों में अनेक विकृतियाँ प्रवेश कर गई हैं। होली, जो बुराई पर अच्छाई की विजय और आध्यात्मिक उन्नति का प्रतीक है, आज कई स्थानों पर केवल रंगों के उन्माद तक सीमित होती जा रही है। इसके परिणामस्वरूप—
- होली की पवित्रता भंग होना
- यातायात नियमों की अवहेलना
- शास्त्र सम्मत विधि से होलिका दहन न होना
- सोशल मीडिया पर अश्लील एवं अनैतिक सामग्री का प्रसार
- महिलाओं के साथ जबरन रंग लगाना एवं दुर्व्यवहार
- कानून व्यवस्था के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियाँ
जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
समिति ने प्रशासन से निवेदन किया है कि समाज में बढ़ती इन विकृतियों को रोकने हेतु धर्मशास्त्र के अनुसार होली मनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को मर्यादित, सुरक्षित एवं सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप होली मनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
समिति का मानना है कि यदि होली को उसके वास्तविक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप में मनाया जाए, तो इससे न केवल हिंदू संस्कृति की रक्षा होगी, बल्कि समाज में नैतिकता, आपसी सद्भाव एवं कानून व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
हिंदू जनजागृति समिति ने प्रशासन से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की है।
