फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / रोहतक के सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में राजनीतिक बेईमानी मैनेजमेंट से बनायी हुई सरकार है। जो सरकार काले धन के मैनेजमेंट से बनी हो, वो जनता की परवाह नहीं करती। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सघर्ष का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के खिलाफ चलने वाली भाजपा सरकार के पास तंत्र, यंत्र, षड्यंत्र और धनबल का बल है, लेकिन हमारे पास जनता का दिया हौंसले का बल है। हमारी लडाई सच्चाई और अच्छाई की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शातिर पार्टी है, इसलिए जहां रणनीति में बदलाव की जरुरत होगी बदलाव करेंगे और जहां मेहनत की जरुरत होगी मेहनत करेंगे। भाजपा के खिलाफ 2029 में लडार्ई के लिये हरियाणा की जनता भी तैयार है तो हम भी तैयार हैं न किसी से डरेंगे न झुकेंगे। सांसद हुड्डा बीती देर रात्री युवा कांग्रेस शहरी के जिलाध्यक्ष विकास दायमा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता वेदपाल दायमा के संयोजन में 36 बिरादरी की ओर से उनका पगडी बांधकर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, अपराध, नशाखोरी हरियाणा में है। हरियाणा का नौजवान कहां जाए। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, रक्षा विश्वविद्यालय जैसे बडे-बडे प्रोजेक्ट हमने मंजूर कराए वो हरियाणा से बाहर के प्रदेशों में चले गये। एचपीएससी में जो भर्तियां आती हैं उसमें भी हरियाणा के बाहर के बच्चे लग रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में जाकर पंजाब को अपराध मुक्त करने और पंजाब को विकास में नंबर 1 बनाने की बात कह रहे हैं। जबकि उनको हरियाणा की जनता ने वोट दिया है तो हरियाणा को नंबर 1 बनाना चाहिए हरियाणा को पहले अपराध मुक्त बनाना चाहिए। लेकिन आज गली चौराहे तक पर दनादन गोलियां चल रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कमजोर और अमेरिका से डरी हुई सरकार है। अमेरिका का व्यापार समझौता देश के किसानो-मजदूरों को कंगाली की तरफ ले जायेगा। आज बुजुर्गों की पैंशन व गरीबों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। गरीब मजदूरों के लिए चलाई गई मनरेगा को खत्म करने का प्रयास हो रहा है।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने फरीदाबाद का जिक्र करते हुए कहा कि आज फरीदाबाद विकास से पिछड गया है। यहां जितनी भी विका परियोजनाएं दिखेंगी वह सब कांग्रेस सरकार की ही दैन है। चाहे बदरपुर पुल हो या फिर ईएसआई मैडिकल कॉलेज, हाईवे की बात हो या फिर बाईपास, पीने के पानी की रेनीवैल योजना की बात हो फिर सडकों के जाल की। सडकों के जाल बिछाने की बात हो या फिर फरीदाबाद से बल्लभगढ तक मैट्रो चलाने की सभी की सभी विकासात्मक योजनाएं हमारी सरकार की ही दैन है। भाजपा ने दिए हैं तो केवल झूठ और जुम्ले रूपी सब्जबाग। पिछले 12 साल के राज में भाजपाई एक इंच भी मैट्रो का पिलर नहीं बढा पाए। स्मार्ट सिटी आज बदहाल सिटी के रूप में मशहूर हो गई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह एकजुट हो भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रचार व प्रसार में जुट जाए। आने वाल सरकार आपकी होगी क्योंकि अब जनता इनके जुम्लों को समझ चुकी है।
इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक युवा कांग्रेस शहरी के जिलाध्यक्ष विकास दायमा ने अपने संबोधन में विश्वास दिलाया कि वह जिले में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडेेंग और हर स्तर पर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने सांसद दीपेन्द्र हुड्डा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार भी व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक नीरज शर्मा, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया, सुमित गौड, रोहित नागर, देवेश कुमार, वीरपाल चंदीला, लिखी चपराना, रेणु चौहान, अब्दुल गफ़्फ़़ार क़ुरैशी,राजेश गाबा, जगन डागर, उमेश कौशिक, रोहित सिंगला, जयवीर दायमा, मुनीराज नागर, रंजीत चंदीला, कुनाल दायमा, वेद चंदीलाल, अखिल भडाना, संजय सोलंकी, सागर कौशिक, दिनेश नागर विनोद धनखड, विधुर नागर, अंकित नागर, प्रवीण भडाना आदि मुख्यरूप से मौजूद थे।
