फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर- 85 स्थित बटेश्वर हनुमान मंदिर में आज विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मातृशक्ति ने कलश यात्रा निकालकर कार्यक्रम की शुरुआत की, जो सुबह 9:30 बजे से शुरू हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर डॉक्टर आचार्य संतोष दास महाराज उपस्थित रहे, जो संत सुरक्षा मिशन के राष्ट्रीय महासचिव और श्री राघव कृष्ण कृपा कुंज आश्रम, वृंदावन के संरक्षक हैं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदुओं को जोड़ने की शुरुआत घर से करनी होगी। संबंधों का ज्ञान और उनकी मर्यादा निभाना ही भारतीय संस्कृति है। यह सम्मेलन हमें सामुदायिक सद्भाव, हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा। हमें अपने समाज को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होना होगा और अपने बच्चों को हमारी संस्कृति की शिक्षा देनी होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ हवन से हुआ उसके उपरांत भव्य कलश यात्रा निकली। मंच सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, राष्ट्रगीत और विभिन्न वक्ताओं के विचार भी शामिल रहे। सभी ने एकता, संस्कृति और परिवर्तन पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और सभी ने भंडारा प्रसाद का आनंद लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यह सम्मेलन वास्तव में एक ऐतिहासिक अवसर था, जिसने हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं को याद दिलाया और हमें एकजुट होने का संदेश दिया।
सैनिक कॉलोनी में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन
सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49, मार्केट परिसर में विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य एवं सफल आयोजन सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत हवन के साथ किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर समाज एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना की।
हवन के उपरांत बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अनेक बाल प्रतिभाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने राष्ट्रभक्ति, संस्कृति एवं सामाजिक विषयों पर अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। इसके साथ ही मंच पर बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
मुख्य अतिथि श्रद्धेय डॉ.ओमप्रकाश योगाचार्य रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने देशभक्ति, जीवन के उद्देश्य तथा समाज और राष्ट्र के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। फरीदाबाद विभाग प्रचारक वीरभान ने कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण तथा पंच परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने समाज को संगठित, जागरूक एवं संस्कारित बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उपस्थित जनसमूह को सकारात्मक दिशा प्रदान की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। सम्पूर्ण आयोजन अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
