फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम तथा हरियाणा स्टेट काउंसिल फॉर साइंस, इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी, हरियाणा सरकार (HSCSIT) के संयुक्त तत्वावधान में जोनल स्तर पर आयोजित विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद के विद्यार्थियों विवेक – बीएससी II बायोटेक, ऋषभ – बीएससी I बायोटेक और कोमल सिंह – बीएससी – फिजिकल साइंसेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की, और पहला स्थान प्राप्त किया।
आदरणीय प्राचार्या डॉ रुचिरा खुल्लर के संरक्षण तथा दिशा निर्देशन में हरियाणा के 6 जिलों के महाविद्यालयों से आए हुए 27 प्रतिभागी दलों के बीच हुई इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से जीत हासिल की।
प्राचार्या डॉ रुचिरा खुल्लर ने इस उपलब्धि के लिए विज्ञान संकाय के सभी प्राध्यापकों एवं समस्त महाविद्यालय परिसर को बधाई दी एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया एवं महाविद्यालय की गरिमा को गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों को शाबाशी देते हुए प्राचार्या ने प्रोत्साहित किया एवं बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। विजेता टीम को HSCSIT की तरफ से 40 हजार रूपये के सराहनीय नकद पुरस्कार से राज्य स्तर पर होने वाली प्रतिस्पर्धा के दौरान सम्मानित किया जाएगा।
