फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / विधानसभा 89 क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों एवं अन्य मुद्दों की समीक्षा हेतु आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मेयर कैंप कार्यालय पर किया गया। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद की मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने की। इस अवसर पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन असवीर सिंह,मुख्य अभियंता, संबंधित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता (सिविल, विद्युत एवं बागवानी) सहित 89-विधानसभा क्षेत्र के पार्षदगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 89-विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र से संबंधित जनसमस्याओं, स्वच्छता व्यवस्था, सीवरेज, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी एवं बागवानी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी बरसात के मौसम में कई स्थानों पर भरने वाले पानी की निकासी का भी उच्चित प्रबंध करने के निर्देश मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा द्वारा दिए गए हैं।
फ्लड से सम्बंधित सभी कार्य को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि नागरिकों को बरसात में सड़कों से आने जाने में किसी प्रकार की दिक्कत ना हो।
मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संबंधित विभागों द्वारा एजेंडा बिंदुओं पर समयबद्ध कार्यवाही करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दी जा सके।
