फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सोमवार शाम भीषण आग लगने के बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में लगभग 37 लोग झुलस गए, जिनमें तीन पुलिसकर्मी और दो दमकल कर्मी भी शामिल हैं। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्ट्री के बाहर खड़े करीब 15 वाहन जलकर खाक हो गए और आसपास से गुजर रहे लोग भी इसकी चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों के अनुसार, उन्हें करीब शाम 4:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के बाहर केमिकल से भरे करीब 30 ड्रम रखे हुए थे, जिनमें विस्फोट होने से नुकसान और बढ़ गया।
घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया। लगभग 14 घायलों को सिविल हॉस्पिटल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है, जबकि करीब 23 लोगों को फोर्टिस हॉस्पिटल फरीदाबाद में उपचार के लिए भेजा गया है। सिविल अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अस्पताल में आपात स्थिति को देखते हुए वार्ड खाली कराए गए हैं और छुट्टी पर गए डॉक्टरों को भी वापस बुला लिया गया है। सभी घायलों को केमिकल बर्न की शिकायत है और उनका प्रारंभिक इलाज जारी है।
मौके पर पहुंचे बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि घायलों को सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है तथा मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीएम त्रिलोकचंद ने बताया कि ब्लास्ट की वजह से फैक्ट्री के आसपास से गुजर रहे लोग भी इसकी चपेट में आए हैं।
फिलहाल प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। घटना के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
