फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / डीएवी सेंटेनरी कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवक फैज़ान ने राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान, चंडीगढ़ में आयोजित 4 दिवसीय आवासीय नेतृत्व एवं टीम निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में सहभागिता के उपरांत कॉलेज के कार्यकारी एवं माननीय प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवक के प्रयासों एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं। साथ ही कॉलेज के एनएसएस बॉयज़ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र ढुल एवं एनएसएस गर्ल्स कार्यक्रम अधिकारी सुश्री कविता शर्मा ने भी फैज़ान की प्रशंसा की और उन्हें अर्जित ज्ञान एवं अनुभव को आगामी एनएसएस गतिविधियों एवं सामुदायिक सेवा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवक ने नेतृत्व विकास, टीम निर्माण, प्रभावी संवाद कौशल तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न सत्रों, कार्यशालाओं, समूह गतिविधियों एवं संवादात्मक चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया। आवासीय प्रशिक्षण होने के कारण विभिन्न संस्थानों से आए स्वयंसेवकों के साथ सहयोग, समन्वय एवं आपसी समझ विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वयंसेवक के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ।
