फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा कांग्रेस व्यापार सैल के चेयरमैन एवं फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी लखन कुमार सिंगला को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ हरियाणा का प्रदेश कार्डिनेटर नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेतृत्व ने विचार विमर्श करने के उपरांत की है।
अपनी नियुक्ति पर लखन कुमार सिंगला ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी, नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल सहित शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वह पूरी तत्परता से निभाएंगे और ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की अलख पूरे हरियाणा में जलाने का काम करेंगे।
श्री सिंगला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने जिस प्रकार से मनरेगा स्कीम का नाम बदलकर और उसमें संशोधन करके मजदूरों के हितों पर कुठाराघात किया है, जिसे किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर पूरे देश में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की शुरुआत की है और इस आंदोलन को पूरे हरियाणा के हर जिले में चलाते हुए वह लोगों के समक्ष भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब करेंगे ताकि जनता के समक्ष इस जनविरोधी सरकार का असली चेहरा उजागर हो सके। लखन सिंगला ने कहा कि वह जल्द ही अपनी टीम के साथ बैठक करके प्रदेशस्तर पर इस आंदोलन को चलाने के लिए रुपरेखा तय करेंगे।
