फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / एनआईटी तीन स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा ‘भारतीय समाचार पत्र दिवस’ के अवसर पर प्रदर्शनी एवं प्रिंट पत्रकारिता पर आधारित कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने भारतीय प्रिंट मीडिया के इतिहास व भारत के पहले अखबार ‘हिक्कीज बंगाल गजट’ को समर्पित एक प्रदर्शनी भी पेश की | कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार, संपादक एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शक शकुन रघुवंशी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात महिला पत्रकार यशस्वी ने भी शिरकत की |
मुख्य वक्ता रघुवंशी ने पत्रकारिता के इतिहास से लेकर इसके विकास क्रम; स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख अखबारों, सम्पादकों, स्वतंत्रता संग्राम व जन जागरण में योगदान; समय के साथ बदलते स्वरूप, प्रकाशन प्रक्रिया, सम्पादकों-पत्रकारों की कार्य प्रणाली व भूमिका, खबर लेखन, हेडलाइन निर्माण, त्रुटि निवारण, अखबार डिजाइनिंग; करियर अवसरों के साथ जिम्मेदारियों, डिजिटल मीडिया जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार पहले पत्रकारिता को एक मिशन के रूप में देखा जाता था, जबकि वर्तमान समय में यह एक संगठित उद्योग और व्यवसाय का रूप ले चुकी है। उन्होंने प्रिंट मीडिया की कार्यप्रणाली को समझाते हुए समाचार पत्रों में विभिन्न पदों—जैसे रिपोर्टर, सब-एडिटर, एडिटर आदि की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। साथ ही, इन पदों तक पहुँचने में लगने वाली मेहनत, समय और अनुभव पर भी चर्चा की, जो विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा समाचार पत्रों के इतिहास, संरचना एवं विकास से जुड़े रचनात्मक कार्य प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में तानिया प्रथम, प्रत्यक्ष द्वितीय एवं कीर्ति व अनिकेत तृतीय स्थान पर रहे | सभी विजेताओं को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका व विभागाध्यक्ष रचना कसाना ने बताया कि जेम्स ऑगस्टस हिक्की द्वारा 29, जनवरी- 1780 को कोलकाता से शुरू किया गया यह साप्ताहिक अखबार अपनी व्यंग्यात्मक और औपनिवेशिक विरोधी लेखन शैली के लिए जाना जाता है | उन्होंने बताया कि एंड्रयू ओटिस द्वारा लिखी पुस्तक ‘दी अनटोल्ड स्टोरी ऑफ़ इंडियाज फर्स्ट न्यूज़पेपर’ में हिक्की के अखबार, उनकी प्रकाशन नीतियों व संघर्ष को बयां किया गया है | महाविद्यालय पीआरओ वीरेंद्र सिंह ने तकनीकी पक्ष संभाला व कार्यक्रम के कुशल आयोजन के लिए संयोजिका, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, शिक्षकों व छात्रों का धन्यवाद किया | आयोजन सचिव व पत्रकारिता विभाग की सहायक प्राध्यापिकाओं कृतिका एवं हिमानी जांगड़ा ने छात्रों द्वारा दिखाई गई प्रदर्शनी के विषय निर्माण, तैयारी व सुगम संचालन में योगदान दिया। छात्रों द्वारा विभिन्न विषयों पर पूछे गए प्रश्नों का मुख्य अतिथि द्वारा वाज़िब उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया गया |
