फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उभरती हुई प्रौद्योगिकियों में अत्याधुनिक अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा के जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने इटली के यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया के साथ शैक्षणिक समझौता किया है। यह समझौता एआई-आधारित रोबोटिक्स टेक्नोलॉजीज में सहयोग स्थापित करने पर केंद्रित है, जिसमें संयुक्त अनुसंधान, ज्ञान आदान-प्रदान और नवाचार को सुविधाजनक बनाने के लिए एक वर्चुअल लेबोरेटरी की स्थापना शामिल है।
समझौते का आदान-प्रदान प्रो. जियानकार्लो फोर्टिनो, प्रोफेसर, कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग (डीआईएमईएस), यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया, इटली और प्रो. अजय रँगा, कुलसचिव, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संयुक्त समन्वय विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय मामले प्रकोष्ठ और अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। इसमें प्रो. मनीषा गर्ग, निदेशक (अनुसंधान एवं विकास); डॉ. ममता कथूरिया, निदेशक (अंतरराष्ट्रीय मामले); संकायाध्यक्ष और विभिन्न शिक्षण विभागों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बोलते हुए कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने विश्वविद्यालय की उभरती प्रौद्योगिकियों तथा वैश्विक साझेदारियों के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग एआई तथा रोबोटिक्स जैसे भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में अनुसंधान को आगे बढ़ाने पर हमारी समर्पित प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रतिष्ठित संस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया के साथ मिलकर हम नवाचार, ज्ञान साझा करने तथा हमारे छात्रों एवं संकाय सदस्यों को प्रौद्योगिकी के वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने के नए अवसर सृजित कर रहे हैं।
यह सहयोग डॉ. रश्मि चावला, एसोसिएट प्रोफेसर, जे.सी. बोस विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक संबद्धता से विकसित हुआ है, जो वर्तमान में यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी ह्यूमन-रोबोट सहयोग, वियरेबल कंप्यूटिंग सिस्टम्स तथा आईओटी-आधारित सिस्टम्स में विशेषज्ञता ने दोनों संस्थानों के बीच संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के दौरान, डॉ. रश्मि चावला, यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया के सहयोग से किए गए अपने शोध कार्य ‘इमोशन-एवेयर ह्यूमन-रोबोट इंटरैक्शन’ का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने मानव और रोबोट के बीच अधिक सहज एवं सहानुभूतिपूर्ण अंतर्क्रिया सृजित करने में हुई नवीन प्रगति को उजागर किया।
प्रो. जियानकार्लो फोर्टिनो ने यूनिवर्सिटी ऑफ़ कैलाब्रिया का संक्षिप्त परिचय दिया तथा अपनी संस्था की शैक्षणिक क्षमताओं और अनुसंधान उत्कृष्टता के बारे में बताया। उन्होंने जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली संकाय सदस्यों एवं शोधकर्ताओं के साथ एआई-आधारित प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग करने की विश्वविद्यालय की इच्छा व्यक्त की तथा पारस्परिक विकास और साझा नवाचार पर बल दिया। यह समझौता संयुक्त परियोजनाओं, कार्यशालाओं, वर्चुअल लैब्स तथा सहयोगी प्रकाशनों को सुविधाजनक बनाएगा, जिससे एआई-आधारित रोबोटिक्स तथा संबंधित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
प्रो. जियानकार्लो फोर्टिनो ने ‘ह्यूमन-रोबोट सहयोग तथा एआई-आधारित प्रौद्योगिकियां’ विषय पर एक ज्ञानवर्धक विशेष व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं तथा छात्रों के साथ अपनी विशेषज्ञता साझा की। उन्होंने अवसर पर प्रदर्शित छात्र परियोजनाओं का विस्तृत दौरा किया तथा युवा इनोवेटर्स को प्रोत्साहन प्रदान किया।
