फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर 86 स्थित शिरडी साईं बाबा स्कूल में आज विद्या, ज्ञान और बुद्धि की देवी माँ सरस्वती की पूजा धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धा एवं हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुई, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने आहुतियाँ अर्पित कर विद्यालय की प्रगति, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज में सद्भाव की कामना की।
इसके पश्चात माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर सरस्वती वंदना, एवं भजन प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने सभी को भावविभोर कर दिया। प्रधानाचार्या डा. बीनू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती पूजा एवं हवन विद्यार्थियों में ज्ञान के प्रति सम्मान, अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया।
