फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 16 ए फरीदाबाद में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाए जाने वाले युवा दिवस पर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय एनएसएस शिविर का आयोजन किया गया । जिसमें आपसी भाईचारे व युवा सोच को विकसित करने वाली विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया । इकाई द्वारा दो किमी मीटर रन का भी आयोजन किया गया ।
प्राचार्य घनश्याम दास ने छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन व उनकी विचारधारा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी व शिक्षा से ही हर समस्या के समाधान का प्रयास करने की बात कही। इस अवसर पर महाविद्यालय में एक सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया । जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य छात्राओं तथा स्टाॅफ सदस्यों द्वारा एक साथ भोजन ग्रहण किया। इस सामुदायिक भोज ने शिक्षक -छात्राओं के बीच पारस्परिक सद्भाव, समानता व एकता की भावना को मजबूत किया । प्राचार्य ने कहा कि समाज के कोई भी व्यक्ति जन्म, धर्म व जाति से छोटा बड़ा नहीं होता । इंसान अपने कर्माें से ही छोटा बड़ा होता है । इसलिए हमेशा अच्छे कर्ममार्ग का चयन करें।
एनएसएस इकाई इंचार्ज डा. रचना सैनी ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाली हर गतिविधि में एनएसएस की छात्राओं की सक्रिय भूमिका की सराहना की तथा इकाई द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी
