फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ की एनएसएस यूनिट–II द्वारा ग्रीन डे के अवसर पर “पैडल फॉर द प्लैनेट, पर्यावरण जागरूकता साइकिल रैली” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह रैली मिल्क प्लांट रोड, बल्लभगढ़ से होकर गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति
जागरूक करना, प्रदूषण कम करने के उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित करना
तथा पर्यावरण मित्र परिवहन जैसे साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना था। रैली
के दौरान स्वयंसेवकों ने पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से “पेड़ लगाओ,
जीवन बचाओ”, “प्रकृति है तो हम हैं” और “स्वच्छ हवा, स्वस्थ जीवन” जैसे
संदेश दिए।
साइकिल रैली में शामिल छात्रों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्लास्टिक के
उपयोग को कम करने, जल संरक्षण तथा हरित जीवनशैली अपनाने का आह्वान
किया। रैली मार्ग पर स्थानीय नागरिकों ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन
किया और पर्यावरण सुरक्षा के इस प्रयास की सराहना की।
यह कार्यक्रम कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के संरक्षण
तथा एनएसएस यूनिट–II की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका सेहरावत के कुशल
मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि
पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और युवाओं को
इसमें अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
रैली के समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त
भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम का
समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
