फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड अधिकारी प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ पर आधारित विस्तृत जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच से जोड़ना रहा, ताकि वे देश और समाज के प्रति अपनी भूमिका को बेहतर रूप से समझ सकें। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कार्यक्रम का प्रारंभ प्रातःकालीन सभा में ‘मन की बात’ की मूल भावना से विद्यार्थियों को परिचित कराने के साथ हुआ जहाँ राष्ट्रहित, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक सहभागिता, युवाओं की भूमिका तथा सकारात्मक दृष्टिकोण जैसे विषयों पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए गए। इसके पश्चात कक्षा-कक्षों में ‘मन की बात’ कार्यक्रम से संबंधित वीडियो प्रसारण किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी प्रसंगों को ध्यानपूर्वक सुना और समझा। कक्षा-स्तर पर आयोजित चर्चा एवं संवादात्मक गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों ने कार्यक्रम से प्राप्त विचारों पर अपने अनुभव साझा किए और यह व्यक्त किया कि इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें अपने जीवन में अनुशासन, जिम्मेदारी और सेवा-भाव अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा और प्राध्यापिका दीपांजलि ने विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश प्रदान करते हुए ‘मन की बात’ को जन-जन से सीधा संवाद स्थापित करने वाला प्रभावशाली माध्यम बताया, जो युवाओं को सकारात्मक कार्यों, नवाचार और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को यह प्रेरणा दी कि वे कार्यक्रम में निहित संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और दैनिक जीवन में आत्मसात करें, ताकि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें। कार्यक्रम के सफल समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन में दीपांजली शर्मा (PGT, शारीरिक शिक्षा) के महत्वपूर्ण योगदान एवं जिन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करने तथा समस्त गतिविधियों को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग करने के लिए प्राचार्य ने सराहना की |
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिवार, सभी शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और यह प्रेरणा दी कि इस प्रकार की राष्ट्रप्रेरित एवं मूल्यपरक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय में भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच की भावना और अधिक सुदृढ़ हो सके।
