फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में मीडिया विभाग के छात्र एवं विश्वविद्यालय वसुंधरा इको क्लब के सदस्य साहिल कौशिक का राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद (एनईवाईपी)-2026 के राष्ट्रीय चरण के लिए चयन हुआ है।
राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद (एनईवाईपी) एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य युवाओं को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी) एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि संगठन द्वारा किया जाता है। इस पहल को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा युवा मामले एवं खेल मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है। विश्वविद्यालय स्तर पर इस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चयन प्रक्रिया का आयोजन जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के वसुंधरा इको-क्लब एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने छात्र साहिल कौशिक को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद जैसे प्रतिष्ठित मंच पर विश्वविद्यालय के छात्र का चयन होना गर्व का विषय है और यह युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने साहिल कौशिक को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वह विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे। मीडिया विभाग के अध्यक्ष प्रो पवन सिंह ने भी साहिल को चयन के लिए बधाई दी है और राष्ट्रीय चरण की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनायें दी है।
वासुंधरा ईको-क्लब, विश्वविद्यालय की एनवायरनमेंट नोडल ऑफिसर एवं पर्यावरण विभाग की अध्यक्षा डॉ. रेणुका गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता के लिए छात्रों के चयन हेतु एक चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय स्तर पर कुल 11 छात्रों का चयन किया गया। हरियाणा और राजस्थान क्षेत्र की क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों से चयनित 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जे.सी. बोस विश्वविद्यालय से साहिल कौशिक को राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किया गया है।
राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद का अंतिम चरण फरवरी माह में नागपुर (महाराष्ट्र) विधानसभा में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर वासुंधरा ईको-क्लब एवं पर्यावरण विभाग की ओर से साहिल कौशिक को राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद के अंतिम चरण के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना व्यक्त की गई।
