फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम खेल परिसर में 21 दिसंबर को 100वीं अस्मिता किकबॉक्सिंग फरीदाबाद सिटी लीग का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के माध्यम से आयोजित की गई, जिसे भारत सरकार के खेल मंत्रालय की पहल खेलो इंडिया के तहत देशभर के 150 शहरों में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से छात्राएं शामिल हुईं।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य लड़कियों और महिलाओं को आत्मरक्षा के बारे में सिखाना और उन्हें सशक्त बनाना है। वाको इंडिया के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह पहल महिलाओं को यह संदेश देती है कि वे भी किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा सकती हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में आयोजित यह प्रतियोगिता 100वीं है, जबकि बाकी 50 प्रतियोगिताओं की तैयारी की जा रही है।
प्रतियोगिता के बाद चुने गए खिलाड़ियों की जोनल प्रतियोगिता जम्मू-कश्मीर में 21 से 25 जनवरी तक आयोजित होगी। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को चेन्नई में मार्च में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में जीत हासिल करने वाली छात्रा अर्शी ने बताया कि इस जीत से वह बेहद खुश है और वह भविष्य में नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर खेलना चाहती है। लद्दाख से आई छात्रा और उनकी कोच ने कहा कि अभी उन्हें और अभ्यास करना है, लेकिन इस जीत ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। अर्शी के पिता रहमत खान ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी की सफलता पर गर्व है और उम्मीद है कि वह भविष्य में और अच्छा करेगी। वहीं, कुलदीप छिब्बर ने बताया कि उनकी पोती ने पहले राउंड में जीत हासिल कर अगले राउंड में खेलने का मौका पाया है।
प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला और आयोजकों ने इसे महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
