फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि छोटे साहिबजादों की अमर शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष 26, दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। छोटे साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास में साहस, करुणा, सहिष्णुता एवं आध्यात्मिक दृढ़ता का अनुपम उदाहरण है। उनकी शहादत उत्पीड़न और अन्याय के विरुद्ध अडिग रहकर सत्य एवं धर्म की रक्षा करने का शाश्वत संदेश देती है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस महान विरासत का सम्मान करने तथा विद्यार्थियों में सत्य, न्याय, सहिष्णुता और त्याग जैसे उच्च मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने के उद्देश्य से 19, दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल ऑडिटोरियम में एक सैंड एंड आर्ट शो का आयोजन किया जाएगा। यह कलात्मक प्रस्तुति छोटे साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाएगी।
सैंड एंड आर्ट शो के तुरंत पश्चात, हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता हिंदी, पंजाबी, संस्कृत और अंग्रेजी—चार भाषाओं में आयोजित होगी, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से वीर बाल दिवस के संदेश को आत्मसात कर सकें।
