फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर ओमेक्स हाइट्स, सेक्टर-86 के सभी सम्मानित सीनियर नागरिकों द्वारा उन्हें पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर उनके जीवन, योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से जुड़ी अनेक प्रेरणादायक जानकारियों पर सार्थक चर्चा की गई।
इस कार्यक्रम में ओमेक्स हाइट्स सोसाइटी के प्रेसिडेंट प्रमोद शर्मा, हेमंत फ़ौजदार, ओम प्रकाश सेठ, विजय जोशी, जितेन्द्र भाटिया, के. बी. राठी, कृष्ण लाल अरोड़ा, अशोक लबरू, निमित जैन, सिंह सहित अनेक अन्य सम्मानित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर फरीदाबाद मंडल से नरेश भाटी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
ग्रेटर फरीदाबाद भारतीय जनता पार्टी मंडल उपाध्यक्ष मनीष चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि आज़ादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती रियासतों का एकीकरण था। अपने अद्वितीय नेतृत्व, दूरदर्शिता एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर सरदार पटेल जी ने सैकड़ों रियासतों का भारत संघ में विलय कर देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ किया। इसी कारण उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने सरदार पटेल जी के आदर्शों को आत्मसात करने एवं उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
