फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / अंडरवॉटर स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 3rd ओपेन वॉटर नेशनल फिनस्विमिंग प्रतियोगिता चिबला बीच, मालवन, महाराष्ट्र में संपन्न हुई। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हरियाणा के तैराकों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया।
फरीदाबाद के डीसी मॉडल स्कूल के कक्षा 11 के छात्र उदित मलिक ने समग्र फिन स्विमर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त, झज्जर के आरव भारद्वाज ने 1 किलोमीटर की रेस में रजत पदक प्राप्त किया। दोनों तैराकों की इस उपलब्धि ने आगामी फिन स्विमर्स के लिए समुंदर में तैराकी के प्रति उत्साह और हौसला बढ़ाया है।
अंडरवॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के सचिव एके पंडित ने बताया कि बच्चों का उत्कृष्ट प्रदर्शन हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक वितरण समारोह में अंडरवॉटर स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी जनरल श्री तपन कुमार पाणिग्रही ने दोनों प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए।
दीप भाटिया, प्रधान अंडरवॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा ने दोनों तैराकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और उन्हें भविष्य में और अधिक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस जीत ने साबित कर दिया कि हरियाणा के युवा फिनस्विमिंग और ओपन वॉटर तैराकी में भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक हैं।
