फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि आमजन की शिकायतों का तत्परता से समाधान करना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी आयुष सिन्हा ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनते प्राथमिकता से समाधान करवाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
डीसी आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याएँ परिवार पहचान पत्र आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
