फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / संविधान दिवस के अवसर पर जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय द्वारा सत्र 2025-26 के लिए नवगठित विश्वविद्यालय छात्र परिषद हेतु पद-ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रदीप डिमरी ने नये पदाधिकारियों को निष्ठा एवं दायित्व की शपथ दिलाई तथा इस अवसर के महत्व और छात्र नेतृत्व एवं कल्याण में परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह में संस्थान अधिष्ठाता प्रो. मुनीश वशिष्ठ, सूचना-प्रौद्योगिकी एवं कम्प्यूटिंग संकाय अधिष्ठाता प्रो. मनजीत सिंह तथा डॉ. दीपांश शर्मा की उपस्थिति रही।
सम्बोधन करते हुए प्रो. मुनीश वशिष्ठ ने परिषद सदस्यों से अनुशासन, उत्तरदायित्व, नेतृत्व और निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों को अक्षुण्ण रखते हुए छात्र सशक्तिकरण एवं विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। नव-शपथग्रहण किए सदस्यों ने सभी छात्र गतिविधियों को सार्थक, समावेशी एवं रचनात्मक बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
सत्र 2025-26 के लिए विश्वविद्यालय छात्र परिषद के पदाधिकारियों में नितेश नागर को अध्यक्ष, परम को उपाध्यक्ष, अंचल तिवारी को सचिव, कुणाल कुमार को संयुक्त सचिव, और अमन, सोनम, अमन एवं शिवम मिश्रा को कार्यकारी सदस्य मनोनीत किया गया है।
