
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर ने अपने निवास पर आयोजित खुले दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर निपटारा किया। इस अवसर पर गांव नीमका आसपास आधा दर्जन गांवों के निवासियों ने नागर का धन्यवाद किया कि उनके प्रयास से अब इस क्षेत्र में डंपिंग यार्ड की आशंका समाप्त हो गई है। अब ग्रामीण जल्द ही मंत्री राजेश नागर का नीमका में सार्वजनिक अभिनंदन करेंगे।
इस बारे में नीमका सहित बडोली, मिर्जापुर, मच्छगर, नवादा, तिगांव आदि गांवों के प्रमुख व्यक्तियों ने निगम पार्षद प्रदीप टोंगर के साथ मंत्री राजेश नागर से मुलाकात की। नागर ने कहा कि नीमका में डंपिंग यार्ड बनने की अफवाह को विरोधी खेमे की ओर से शरारत स्वरूप फैलाया गया है। ऐसी कोई भी योजना सरकार की नहीं है। उन्होंने इस बारे में पता करने के बाद पहले भी स्पष्टीकरण दे दिया था और अब गांव की सरदारी के सामने भी कह रहे हैं कि यहां कोई डंपिंग यार्ड नहीं बनने देंगे। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि नीमका ग्रेटर फरीदाबाद का प्रवेश द्वार है जहां कूड़ा घर बनाने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता है।
मंत्री राजेश नागर ने रायपुर कलां की उर्मिला को उनके पति अजीत सिंह के खेत में काम करने के दौरान अचानक मृत्यु हो जाने पर मुख्यमंत्री कृषि एवं किसान मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत 5 लाख की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा। नागर ने कहा कि इन पैसों से परिवार की क्षतिपूर्ति तो नहीं हो सकती है लेकिन उनके पारिवारिक भरण पोषण में थोड़ी राहत जरूर मिल सकेगी। महिला की ओर से कुछ समय पहले ही उनसे सहायता के लिए बात रखी गई थी जिसको मंत्री राजेश नागर के प्रयास से थोड़े ही समय में अमली जामा पहना दिया गया।
क्षत्रिय सभा बल्लभगढ़ की ओर से काफी समय से अटके पड़े महाराणा प्रताप भवन के निर्माण कार्य के निमित्त आर्थिक सहायता की मांग मंत्री राजेश नागर के समक्ष रखी गई, जिसमें उन्होंने बताया कि समाज अपने सहयोग से राष्ट्रभक्त महाराणा प्रताप के नाम से समाज हित में भवन का निर्माण कर रहा है, लेकिन एक गैर लाभकारी संस्था होने के कारण आर्थिक कमी हमारे आड़े आ रही है। इसलिए इसमें शासकीय स्तर पर आर्थिक सहायता दिलाई जाए, जिससे सामाजिक कार्यों के लिए बनाए जाने वाले इस भवन का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जा सके। मंत्री राजेश नागर ने हर संभव मदद देने की बात कही।
इसी प्रकार विभिन्न कॉलोनी से आई सड़क, बिजली, पानी आदि की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि मेरे निवास पर आयोजित होने वाले खुले दरबार में जब अपने स्वजनों से मिलता हूं तो मुझे बहुत तसल्ली मिलती है। यह दरबार हमारे यहां राहत और खुशी प्रदान करने का आधार बन गया है। इससे लोगों के काम हो जाते हैं और मेरी नियमित तौर पर अपने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात हो जाती है। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से कहा कि व्यवस्थागत समस्याओं का अपने स्तर पर निपटारा करें जिससे लोगों को छोटी-छोटी बातों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। यदि किसी अधिकारी के विरुद्ध स्वभाववश लोगों को परेशान करने की शिकायत आएगी तो मैं उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवाऊंगा।





