
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-16, फरीदाबाद में सिखों के नौवें गुरु, हिंद दी चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने गुरु जी के त्याग, बलिदान और मानवता की रक्षा हेतु दिए गए अद्वितीय योगदान को दर्शाते हुए विभिन्न प्रकार के नाटक, नुक्कड़ नाटक तथा कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। साथ ही छात्राओं ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन से जुड़ी प्रेरक घटनाओं को चित्रित करते हुए आकर्षक बैनर एवं पोस्टर भी तैयार किए, जिन्हें पूरे परिसर में प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य डॉ. घनश्याम दास ने अपने उद्बोधन में गुरु तेग बहादुर जी के जीवन की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि “गुरु जी ने धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और कश्मीरी पंडितों सहित सभी पीड़ितों के लिए अपनी आवाज उठाई। उनका बलिदान आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है।”सेमिनार में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटकों में गुरु जी के दिल्ली स्थित चांदनी चौक में शहादत, औरंगजेब के अत्याचारों के विरुद्ध संघर्ष तथा मानवता की रक्षा हेतु दिए गए बलिदान को जीवंत रूप दिया गया। कविता पाठ एवं गीत-संगीत के माध्यम से भी गुरु जी के संदेश को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। यह सेमिनार कुमारी असना तथा सुरेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।





