फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जहां सत्य होता है वहीं विश्वास होता है, विश्वास के द्वारा ही व्यक्ति अपनी समाज में छवि बना सकता है। यह बात आर्य समाज सैक्टर-19 के 68वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे पारिवारिक सत्संग कार्यक्रमों में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए पंडित अजय आर्य ने कही।
उन्होंने कहा कि किसी को भी मानने से पहले जानना अति आवश्यक है। हम ईश्वर की भक्ति तो करते हैं लेकिन उसको जान नहीं पाते इसलिए भक्ति में भी अधूरापन महसूस होता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम, कृष्ण और हनुमान की सभी पूजा तो करते हैं लेकिन राम,कृष्ण और हनुमान के चरित्र और उनके बताए हुए मार्ग पर चलने का प्रयास नहीं करते सच्चे भक्त वही कहलाते हैं जो उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर अपने जीवन में धारण करता है। इसलिए अपने स्वामी की आज्ञा का पालन करने वाला ही सच्चा भक्त कहलाता है। हमें महर्षि दयानंद सरस्वती के बताए हुए मार्ग पर चलकर समाज उत्थान और राष्ट्र प्रेम की भावना बलवती करनी होगी तभी यह देश ऊंचाइयों को छू पाएगा।
इससे पूर्व आर्य समाज सैक्टर-19 के प्रधान मदनलाल तनेजा, मंत्री अशोक गर्ग, सतेंद्र तनेजा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महेश चंद आर्य, नरेंद्र अग्रवाल, शांता अग्रवाल, लोकनाथ क्वात्रा सहित शहर के अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
