
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / फरीदाबाद में चल रहे हरियाणा ओलंपिक के दूसरे दिन मंगलवार को राज्य खेल परिसर में तीरंदाजी के मुकाबले भी शुरू हो गए। तीरंदाजी मुकाबलों के पहले दिन क्वालीफाइंग राउंड और खिलाड़ियों की रैंकिंग तैयार की गई। बुधवार को फाइनल मुकाबले कराए जाएंगे। तीरंदाजी के मुकाबले दो दिन ही होंगे। वहीं लॉन टेनिस, तलवारबाजी और भारोत्तोलन के मुकाबले जारी रहे।
तीरंदाजी प्रतियोगिता के निदेशक सोमेश शर्मा ने बताया कि हरियाणा ओलंपिक में टॉप आठ खिलाड़ियों को हिस्सा लेना था, लेकिन पंचकूला में ट्रायल होने की वजह से कई खिलाड़ी हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं।पहले दिन सर्वाधिक स्कोर प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों की रैंकिंग तैयार की गई और बुधवार को मुकाबले होंगे। उसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
महिलाओं के कंपाउंड रैंकिंग इवेंट में सिरसा की टीम सबसे अधिक 1980 अंक प्राप्त किए। वहीं 1950 अंकों के साथ सोनीपत दूसरे, पलवल की टीम 1944 अंक पाकर तीसरे, गुरुग्राम की टीम 1869 अंकों के साथ चौथे, फरीदाबाद की टीम 1738 अंकों के साथ पांचवें और भिवानी की टीम 1502 अंकों के साथ छठे स्थान पर रही। वहीं पुरुष वर्ग के रिकर्व के रैकिंग इवेंट में रोहतक की टीम 1938 अंकों के साथ शीर्ष पर रही।वहीं भिवानी की 1891 अंकों के साथ दूसरे, सोनीपत की 1853 अंकों के साथ तीसरे, गुरुग्राम की टीम 1767 अंकों के साथ चौथे और झज्जर की टीम 1722 अंक पाकर पांचवे स्थान पर रही। इस सबके बीच फाइनल मुकाबले होंगे। बता दें कि राज्य खेल परिसर में तीरंदाजी, तलवारबाजी और लॉन टेनिस के मुकाबले चल रहे हैं। वहीं सेक्टर-30 स्थित इंडोर स्टेडियम में भारोत्तोलन के मुकाबले कराए जा रहे हैं।
अन्य खेलों के यह रहे परिणाम
सैबर इवेंट में हिसार का विनय, जींद का लिवजोत क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहा। वहीं करनाल के वंश व हिसार के कोशिश सिहाग संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं महिलाओं में हिसार की सारिका व आखरी ने क्रमश: पहला व दूसरे स्थान हासिल किया और फरीदाबाद की सृष्टि सिंह व हिसार की मंजू को फाइनल परिणाम तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। फॉइल इवेंट में जींद की कनुप्रिया प्रथम, रेवाड़ी की तेजस्विनी द्वितीय, जींद की सलोनी व रेवाड़ी की विजेता यादव तृतीय रही। भारोत्तोलन में महिलाओं के 58 किलोग्राम भार वर्ग में हिसार की नीतू ने बाजी मारते हुए पहला, पानीपत की शिवानी द्वितीय और झज्जर की अंजलि ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं पुरुषों के 71 किलोग्राम भारवर्ग चरखी दादरी की विजय प्रथम, हिसार की राजन तिवारी दूसरे और रोहतक की हसीन तीसरे स्थान पर रही।





