फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / धन धन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में फरीदाबाद की धरती श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रही। जिले के विभिन्न गुरुद्वारों से निकले भव्य नगर कीर्तन ने पूरे क्षेत्र में आस्था, प्रेम और भाईचारे का माहौल बना दिया। शहर में दो प्रमुख स्थानों से नगर कीर्तन का आयोजन हुआ। एक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सेक्टर-49 सैनिक कॉलोनी से तथा दूसरा गुरुद्वारा साहिब, एनआईटी-5 से निकाला गया।
सैनिक कॉलोनी से नगर कीर्तन सुबह 11 बजे पंच प्यारों की अगुवाई में प्रारंभ हुआ। बड़ी संख्या में संगत, महिलाएं, बच्चे और युवा इस शोभा यात्रा में शामिल हुए। जगह-जगह नगर कीर्तन के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा की और लंगर व प्रसाद की व्यवस्था की गई। दोपहर 12 बजे अरावली विहार सेक्टर-49 के समीप संगत का विशेष स्वागत किया गया।
वहीं, एनआईटी-5 से निकला नगर कीर्तन प्रात: 9 बजे आरंभ हुआ, जो एडवांस एनसीआर डायग्नोस्टिक गली, शिव मणि हॉस्पिटल, मेहता हॉस्पिटल, राम मंदिर, गुरुद्वारा श्री चंद जी, गुरुद्वारा गुरु रामदास जी, जनता बैंक, गुरुद्वारा बाबा बुजुर्ग जी, गुरुद्वारा कलगीधर साहिब, गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब, मंगलपुरी चौक और एफ ब्लॉक पार्क मंदिर वाली गली से होता हुआ पुन: गुरुद्वारा साहिब पहुंचा।
नगर कीर्तन में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य रविंद्र सिंह राणा, शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और भाजपा नेताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संगत ने गुरु बाणी का पाठ करते हुए प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया।
गुरुद्वारा शहीदाने गुजरात ट्रस्ट समिति व गुरु सिंह सभा प्रबंधन ने इस पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया और कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश ‘नाम जपो, कीरत करो, वंड छको आज भी समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देते हैं। पूरा शहर जो बोले सो निहाल… सत श्री अकाल के जयकारों से गूंज उठा।
