फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नूह/पलवल :— हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक और सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, ब्यूरो की टीम ने थाना सदर नूह के अंतर्गत आने वाले गाँव सलम्बा के पास से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 14.25 ग्राम हेरोइन को बरामद किया गया है।
ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक (DGP) ओपी सिंह, IPS के सख्त निर्देशों पर पूरे प्रदेश में कार्यवाही की जा रही है। डीजीपी सिंह ने स्पष्ट किया है कि “नशे की जड़ों को खत्म करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
यह कार्यवाही एसपी मोहित हांडा, IPS के मार्गदर्शन और डीएसपी पंकज कुमार के निर्देशन में निरीक्षक मनोज सांगवान की टीम द्वारा अंजाम दी गई। थाना सदर नूह एरिया में गश्त के दौरान, एएसआई बिजेंद्र और उनकी टीम को मुखबिर से तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद, पुलिस टीम ने रणनीतिक ढंग से संदिग्ध को नूह से सोहना रोड पर सलम्बा गाँव के पास नशीले पदार्थ सहित काबू किया। कानूनी औपचारिकता पूरी करते हुए आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 14.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सोकीन पुत्र शेर मोहम्मद के रूप मे हुई जोकि फिरोजपुर झिरका, नूह रहने वाला है। जिसके खिलाफ थाना सदर नूह में एन.डी.पी.एस. अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत माध्यामिक मात्रा का मामला संख्या 359/2025 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर उसके नशा तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज का सहयोग अनिवार्य है। यदि आपको कहीं भी नशा व्यापार या तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN या हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
