फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / जीवा पब्लिक स्कूल में इस वर्ष दीपावली का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण दीपों की पंक्तियों और रंग-बिरंगी सजावट से जगमगा उठा। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीराम भजन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने मधुर स्वरों में प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करते हुए सबका मन मोह लिया।
इसके पश्चात छात्रों द्वारा प्रस्तुत की गई श्रीराम के जीवन पर आधारित लघु नाटिका ने दर्शकों को अयोध्या से लेकर वनवास और रावण वध तक की यात्रा से परिचित कराया। इस नाटिका ने दर्शाया कि किस प्रकार सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलकर श्रीराम ने आदर्श जीवन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन श्रीराम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक मुद्राओं और भावनाओं के माध्यम से भगवान राम के जीवन की महिमा को सजीव कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और दीपों की जगमगाहट के बीच विद्यालय का हर कोना भक्ति और आनंद से भर उठा। इसके अलावा विद्यालय परिसर में प्रदूषण-मुक्त एवं पटाखे रहित दीपावली के संदेश को प्रसारित करने हेतु एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शुद्ध वातावरण और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए हवन भी संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने दीपावली के अवसर पर छात्रों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने देश पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि भारत जैसा देश विश्व में दूसरा नहीं है। हमारी संस्कृति अद्वितीय है, जहाँ हर त्योहार प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। उन्होंने छात्रों को जीवा लर्निंग सिस्टम के विषय में समझाते हुए कहा कि यह पाठ्यक्रम के साथ साथ संस्कारों और मूल्यों को जीवन में अपनाने की शिक्षा देता है। इस कार्यक्रम में विद्यालय की उपाध्यक्षा श्रीमती चंद्रलता चौहान एवं एकेडमिक हेड श्रीमती मुक्ता सचदेव भी उपस्थित रहीं।
