
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नगर निगम ग्रेटर फरीदाबाद के जॉइंट कमिश्नर विजय पाल यादव की अध्यक्षता में BPTP और सेक्टर 75 से 89 के RWA प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य था — BPTP सेक्टरों को नगर निगम के अंतर्गत लाने की प्रक्रिया पर चर्चा करना और उससे संबंधित आवश्यक कदमों की रूपरेखा तय करना।
बैठक में एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि BPTP प्रबंधन ने सभी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम में जमा कर दिए हैं। अब इन दस्तावेजों का अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद अगली बैठक 5 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी।
साथ ही, BPTP को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रोजेक्ट्स में लंबित विकास कार्यों — जैसे सड़क, सीवर , पानी आपूर्ति और बिजली की पूर्ण रिपोर्ट नगर निगम के साथ साझा करें, ताकि निगम इन कार्यों को अपने नियंत्रण में लेने से पहले स्थिति का सही मूल्यांकन कर सके।
बैठक में विशेष रूप से पार्षद मनोज वशिष्ठ (वार्ड नंबर 38), सेक्टर 76 RWA अध्यक्ष विनोद नगर, उपाध्यक्ष शमशेर सिंह कादयान, उपाध्यक्ष रणवीर डIगर, तथा नगर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अजय पांगल उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, सभी सेक्टरों के RWA पदाधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने सेक्टरों की समस्याओं और सुझावों को निगम अधिकारियों के समक्ष रखा। BPTP के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहे और उन्होंने निगम अधिकारियों को आवश्यक जानकारियाँ उपलब्ध कराईं।
बैठक का उद्देश्य न केवल विकास कार्यों की समीक्षा करना था, बल्कि BPTP सेक्टरों को नगर निगम में शामिल करने की प्रक्रिया को गति देना भी था, ताकि क्षेत्र के निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ शीघ्र उपलब्ध हो सकें।





