फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नशे के विरुद्ध अभियान को गति प्रदान करते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो द्वारा फरीदाबाद के सेक्टर -15 से लेकर सेक्टर सेक्टर- 7 तक विशेष अभियान चलाया गया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ अशोक कुमार वर्मा ने साइकिल यात्रा शुद्धि का संकल्प लेकर नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत निकाली।
विभिन्न स्थानों पर युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से परिचित कराते हुए लोटे में नमक डलवाया। लोगों को बताया गया कि प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध गुप्त सुचना देने के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के हेल्पलाइन संख्या 1933 पर निर्भीकता से सम्पर्क कर नशा मुक्त अभियान को बल प्रदान करें। उन्होंने आज सेक्टर- 15 से लेकर सेक्टर 7 तक साइकिल यात्रा निकालते हुए पाया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रतिबंधित पान मसाला और तम्बाकू उत्पाद अभी भी बिक रहे हैं तो वे प्रत्येक खोखे और दुकानदार के पास गए और उन्हें कड़े रूप से सचेत करते हुए हटवाया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ अशोक कुमार वर्मा ने प्रतिबंधित पान मसाला और तम्बाकू उत्पाद हटवाते हुए कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एक वर्ष के लिए गुटखा-पान मसाला पर प्रतिबंध लगाया है। आदेशों के अनुसार इन उत्पादों का निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पूरी तरह से बंद है।
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो प्रमुख ओपी सिंह के दिशानिर्देशों से हरियाणा प्रान्त में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांस एक्ट 1985 के अंतर्गत वर्ष 2025 में 3 अक्टूबर तक 2735 अभियोग अंकित करके 4859 नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा जा चूका है। ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया और मोहित हांडा के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध एक युद्ध हरियाणा में चला हुआ है। हरियाणा में 3443 नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम करके 18 लाख 26 हज़ार 736 लोगों को जागरूक कर शपथ दिलाई गयी है। 574 से अधिक लोगों को नशामुक्त किया जा चुका है।
